पुशिंग तकनीक से रेलवे अंडरब्रिज लॉन्च, क्षेत्रवासियों को मिलेगी सुरक्षित आवागमन की सुविधा

पुशिंग तकनीक से रेलवे अंडरब्रिज लॉन्च, क्षेत्रवासियों को मिलेगी सुरक्षित आवागमन की सुविधा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने फुलेरा?मेड़ता रोड रेलखंड पर रेन और जालसू स्टेशनों के बीच किलोमीटर संख्या 502 पर रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) की सफल लॉन्चिंग कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अत्याधुनिक पुशिंग तकनीक से किए गए इस कार्य के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, वहीं रेल संचालन भी अधिक सुरक्षित और निर्बाध बनेगा।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने आधुनिक पुशिंग तकनीक का उपयोग कर रेल पटरियों के नीचे 16.5 मीटर लंबा आरसीसी बॉक्स सफलतापूर्वक स्थापित किया है। इस पूरी प्रक्रिया को आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप अंजाम दिया गया।

उन्होंने बताया कि अंडरब्रिज के लिए 4 मीटर चौड़ा, 3 मीटर ऊंचा तथा 16.5 मीटर लंबा आरसीसी बॉक्स तैयार किया गया था। प्रीकास्ट स्लैब और अन्य आधुनिक संसाधनों की सहायता से इसे सावधानीपूर्वक रेलवे पटरियों के नीचे स्थापित किया गया। इस तकनीक की खासियत यह रही कि कार्य को कम समय में और रेल यातायात को प्रभावित किए बिना पूरा कर लिया गया।

सड़क और रेल यातायात की सुरक्षा होगी मजबूत

वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (पूर्व) श्रीचंद पूनिया ने बताया कि अंडरब्रिज बनने से आसपास के गांवों और क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब लोगों को रेलवे ट्रैक पार करने की आवश्यकता नहीं होगी और वे अंडरब्रिज के माध्यम से सुरक्षित तरीके से एक ओर से दूसरी ओर आवागमन कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से न केवल आवागमन अधिक सुगम होगा, बल्कि सड़क और रेल दोनों यातायात की सुरक्षा में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा। निर्माण कार्य के दौरान रेलवे द्वारा निर्धारित सभी तकनीकी, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना क्षेत्र में आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।