विश्व पर्यावरण दिवस पर जोधपुर मंडल का हरित अभियान, 1500 पौधों का रोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जोधपुर। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। 15 मई से 5 जून तक चले पर्यावरण पखवाड़े के दौरान मंडल के रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, कॉलोनियों और रेल प्रतिष्ठानों में कुल 1500 पौधों का रोपण किया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर रेलवे वर्कशॉप कॉलोनी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी, अपर मंडल रेल प्रबंधक करणी राम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीताराम बुनकर सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने ?एक पेड़ मां के नाम? अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस दौरान रेलवे वर्कशॉप कॉलोनी सहित विभिन्न रेलवे कॉलोनियों में बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कर्मचारियों को जूट बैग वितरित किए गए और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने हस्ताक्षर कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण स्वस्थ भविष्य की आधारशिला है तथा रेलवे वृक्षारोपण, जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता और प्लास्टिक मुक्त वातावरण को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

उन्होंने ?एक पेड़ मां के नाम? अभियान को प्रकृति संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव का अनूठा प्रयास बताते हुए सभी से पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

पर्यावरण पखवाड़े के दौरान जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने संबंधी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। यात्रियों और कर्मचारियों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (पॉवर) जोगेंद्र मीणा ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और उनके बच्चों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मंडल कार्यालय में कर्मचारियों को एक-एक पौधा वितरित कर घरों में भी पौधरोपण के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के अंतर्गत जैसलमेर, बाड़मेर, नागौर, पाली, भगत की कोठी और मेड़ता रोड रेलवे स्टेशनों के अलावा डीजल शेड भगत की कोठी, डेमू शेड मेड़ता रोड और भगत की कोठी ट्रिप शेड में भी पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं स्वास्थ्य निरीक्षकों और रेलवे कर्मचारियों ने जागरूकता रैलियां निकालकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य केवल हरित आवरण बढ़ाना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करना भी है। जोधपुर मंडल का यह अभियान हरित और स्वच्छ भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।