अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक दिवस पर जोधपुर मंडल में विशेष अभियान

समपार रेल फाटकों पर सुरक्षा का संदेश, सैकड़ों लोग हुए जागरूक

अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक दिवस पर जोधपुर मंडल में विशेष अभियान

एडीआरएम ने दुर्घटना रोकथाम का दिया संदेश

जोधपुर, 09 जून। अंतरराष्ट्रीय समपार फाटक दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल द्वारा मंगलवार को विभिन्न समपार रेल फाटकों पर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को रेल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान सैकड़ों लोगों को समपार फाटक पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार विशेष समपार फाटक संख्या-163 पर आयोजित कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी आर.एन. जाट ने लोगों को संबोधित करते हुए रेल फाटकों पर सतर्कता बरतने और नियमों का पालन करने का संदेश दिया। इस दौरान सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी सुनील दत्त चतुर्वेदी, सुरक्षा परामर्शदाता, डीसीडीआई तथा सुरक्षा विभाग की टीम भी मौजूद रही।

अभियान के दौरान आमजन को बताया गया कि समपार फाटक बंद होने की स्थिति में जल्दबाजी न करें और फाटक खुलने तक प्रतीक्षा करें। साथ ही रेलवे लाइन पार करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करने और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। फाटक संख्या-163 पर करीब 80 लोगों ने कार्यक्रम में भाग लेकर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की।

इसी क्रम में विशेष समपार फाटक संख्या-160 पर भी एडीएसओ एवं सुरक्षा टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 70 लोगों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों को सुरक्षित तरीके से रेल लाइन पार करने तथा रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने कहा कि रेलवे द्वारा समय-समय पर ऐसे जागरूकता अभियान आयोजित किए जाते हैं ताकि लोगों में रेल सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और सजगता बढ़े तथा समपार फाटकों पर होने वाली दुर्घटनाओं को प्रभावी रूप से रोका जा सके। उन्होंने आमजन से रेल सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता देने की अपील की।