एचआरएमएस के उत्कृष्ट क्रियान्वयन पर अजमेर मंडल और उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय सम्मानित

अजमेर। अजमेर मंडल और उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय, जयपुर को मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) के सफल क्रियान्वयन और डिजिटल परिवर्तन में उत्कृष्ट योगदान के लिए रेलवे बोर्ड द्वारा प्रतिष्ठित उत्कृष्टता प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस) से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान भारतीय रेलवे में डिजिटल प्रशासन और कर्मचारी सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) की डिजिटल पहल एचआरएमएस आदर्श (Adoption, Deployment and Reinventing of Services through HRMS) के अंतर्गत देशभर की चुनिंदा इकाइयों को यह सम्मान दिया गया। भारतीय रेलवे के केवल चार मंडलों, चार कारखानों और तीन अन्य इकाइयों को इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि के लिए चुना गया, जिनमें उत्तर पश्चिम रेलवे ने अपनी विशेष पहचान बनाई।

अजमेर मंडल और उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय के कार्मिक विभाग ने एचआरएमएस के पूर्ण कार्यान्वयन, डिजिटल डेटा उन्नयन तथा रेल कर्मचारियों से जुड़ी सेवाओं जैसे रेल पास, भविष्य निधि (पीएफ), अवकाश और सेटलमेंट प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (मानव संसाधन) द्वारा हस्ताक्षरित राष्ट्रीय स्तर का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

इस उपलब्धि पर अजमेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा देव तथा कार्मिक विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान टीम की कड़ी मेहनत, नवाचार और रेल कर्मचारियों के कल्याण के प्रति उनकी डिजिटल प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एचआरएमएस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन से कार्यकुशलता बढ़ने के साथ-साथ मानव संसाधन प्रबंधन में अभूतपूर्व पारदर्शिता भी सुनिश्चित हुई है।

यह उपलब्धि उत्तर पश्चिम रेलवे के डिजिटल परिवर्तन और कर्मचारी-केंद्रित प्रशासनिक सुधारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।