विश्व पर्यावरण दिवस पर अजमेर मंडल का हरित संकल्प, पौधारोपण और जागरूकता कार्यक्रमों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस पर अजमेर मंडल का हरित संकल्प, पौधारोपण और जागरूकता कार्यक्रमों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

अजमेर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और यात्रियों ने पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित बनाने का संकल्प लिया।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा एवं महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा रिंकल भूतड़ा ने पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर मनोज मीणा सहित मंडल के अनेक वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से पौधे लगाकर हरित भविष्य के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण थीम पर विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां अधिकारियों, कर्मचारियों और यात्रियों ने फोटो खिंचवाकर पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जूट के बैग वितरित किए गए।

ब्यावर रेलवे स्टेशन और रेलवे कॉलोनी परिसर में भी सघन पौधारोपण अभियान चलाया गया। यहां यात्रियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पंपलेट वितरित किए गए तथा जूट के बैग देकर प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर भी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को जूट के बैग बांटे गए और पर्यावरण सुरक्षा से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। यात्रियों और सफाई कर्मचारियों को स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण बनाए रखने की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। स्टेशन परिसर में बनाए गए पर्यावरण सेल्फी प्वाइंट पर यात्रियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

इसके अलावा मारवाड़ जंक्शन, भीलवाड़ा, मावली जंक्शन, डूंगरपुर सहित मंडल के अन्य रेलवे स्टेशनों पर भी पौधारोपण, जागरूकता अभियान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की निरंतर जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी और स्वच्छता को बढ़ावा देकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से अजमेर मंडल ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए हरित और स्वच्छ भारत के निर्माण का संदेश दिया।