अजमेर मंडल रेल चिकित्सालय में टीबी स्क्रीनिंग शिविर, 136 कर्मचारियों की हुई स्वास्थ्य जांच

मंडल रेल चिकित्सालय में टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित, 136 कर्मचारियों की हुई जांच

अजमेर। टीबी मुक्त भारत अभियान-2026 के तहत उत्तर पश्चिम रेलवे के मंडल रेल चिकित्सालय, अजमेर में बुधवार को विशेष टीबी स्क्रीनिंग शिविर एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। ब्यावर रोड स्थित मंडल रेल चिकित्सालय में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों में क्षय रोग (टीबी) की समय रहते पहचान करना तथा टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम रंजन ठाकुर तथा राजस्थान सरकार के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अजमेर डॉ. ज्योत्सना रंगा के निर्देशन में आयोजित इस आयुष्मान आरोग्य शिविर के दौरान टीबी स्क्रीनिंग एवं एक्स-रे जांच की गई।

शिविर में मंडल रेल चिकित्सालय के सभी चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं संविदा कर्मियों की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के दौरान जिन कर्मचारियों के एक्स-रे में असामान्य लक्षण पाए गए, उनके आगे की जांच के लिए थूक (स्पुटम) के नमूने भी लिए गए।

प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में कुल 136 कर्मचारियों की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही कर्मचारियों को टीबी के लक्षण, बचाव, उपचार एवं समय पर जांच कराने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

जागरूकता कार्यशाला के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजीत सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) डॉ. मंगला देवी, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. लोकेश कुमार गुप्ता तथा मंडल रेल चिकित्सालय के टीबी संयोजक डॉ. योगेश मीणा ने कर्मचारियों को टीबी मुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए रोग के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला कार्यक्रम समन्वयक दिनेश कुमार बोयत, मंडल मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक महेंद्र नामा, फार्मासिस्ट यश गहलोत, दर्शन भारती सहित अन्य चिकित्सा कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर उपचार और जन-जागरूकता के माध्यम से ही टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।