क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को लेकर भाकियू (टिकैत) ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के युवा जिला अध्यक्ष गुरदीप सिंह (गोगी) के नेतृत्व में किसानों ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कलीनगर क्षेत्र की विभिन्न ग्रामीण एवं किसान समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में सड़क, पुल, आवारा पशु, ओवररेटिंग और विकास कार्यों से जुड़ी छह प्रमुख समस्याएं उठाई गईं।
किसान नेता ने पीलीभीत-माधोटांडा मार्ग पर निर्माणाधीन पुल एवं पुलियों का कार्य अत्यंत धीमी गति से चलने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में अधूरे निर्माण के कारण आवागमन बाधित हो सकता है, इसलिए कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए।
ज्ञापन में कलीनगर तहसील को स्वतंत्र विकास खंड (ब्लॉक) बनाने की मांग भी उठाई गई। किसानों का कहना है कि क्षेत्र के विकास और ग्राम पंचायतों के बेहतर संचालन के लिए कलीनगर को अलग ब्लॉक का दर्जा दिया जाना आवश्यक है।
भाकियू ने पर्यटन स्थल चूका स्पॉट के आसपास स्थित होटलों द्वारा कथित ओवररेटिंग का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन के अनुसार बाजार में 20 रुपये में मिलने वाली पानी की बोतल पर्यटकों को 50 से 70 रुपये तक में बेची जा रही है। संगठन ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा ग्राम सभा मथना जपती में माधोटांडा मार्ग से 1.5 किलोमीटर आगे चलने पर एक रास्ता सिद्ध बाबा आबादी, घने जंगल और पुरैनी दीपनगर में किसानों को खेतों को जोड़ता है।इस लगभग 900 मीटर कच्चे मार्ग को पक्का कराने, मथना जपती से पूरैनी दीपनगर मार्ग पर जलभराव की समस्या के समाधान हेतु मजबूत पुलिया निर्माण कराने तथा क्षेत्र में आवारा पशुओं एवं गौशालाओं के बेहतर प्रबंधन की मांग भी की गई। किसानों ने आरोप लगाया कि आवारा पशु फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। भाकियू (टिकैत) ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।