जंगली सूअर के मांस के साथ ग्राम चौकीदार गिरफ्तार, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई।

पीलीभीत। वन विभाग की टीम ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगली सूअर के मांस के साथ एक ग्राम चौकीदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 10 किलोग्राम मांस बरामद किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम निजाम दांडी निवासी प्रेमपाल पुत्र स्वर्गीय होरीलाल के पास जंगली सूअर का मांस मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की, जहां से लगभग 10 किलो मांस बरामद किया गया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बरामद मांस जंगली सूअर का पाया गया है। आरोपी प्रेमपाल वर्तमान में थाना जहानाबाद में ग्राम चौकीदार के पद पर तैनात बताया जा रहा है। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों के शिकार और अवैध व्यापार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई में उप क्षेत्रीय वन अधिकारी दिग्विजय सिंह, वनरक्षक रणजीत सिंह, अर्दली तेजपाल तथा टीसी किशन लाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।