फाइनेंस कंपनियों के रिकवरी एजेंटों की मनमानी के खिलाफ जिलाधिकारी से शिकायत, जांच की मांग

आगरा/खेरागढ़। सैयाँ थाना क्षेत्र में फाइनेंस कंपनियों के रिकवरी एजेंटों द्वारा कथित तौर पर सड़क पर दोपहिया वाहनों को रोककर जबरन कब्जे में लेने और दबाव बनाकर वसूली किए जाने के आरोपों को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री राहुल सिंह राजपूत ने जिलाधिकारी आगरा को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि जाहिद खान पुत्र शरीफ खान निवासी सैयाँ सहित कुछ रिकवरी एजेंट समूह बनाकर सार्वजनिक सड़कों, बाजारों और अन्य स्थानों पर वाहन स्वामियों के वाहनों को रोक लेते हैं तथा बिना किसी न्यायिक आदेश या विधिक प्रक्रिया का पालन किए उन्हें कब्जे में ले लेते हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस दौरान वाहन मालिकों के साथ अभद्र व्यवहार, धमकी और दबाव बनाने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।

राहुल सिंह राजपूत ने अपने प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया है कि ICICI Bank Ltd. बनाम Prakash Kaur मामला में सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया था कि बैंक अथवा फाइनेंस कंपनियां बल प्रयोग या दबाव बनाकर ऋण वसूली नहीं कर सकतीं। साथ ही, भारतीय रिजर्व बैंक की रिकवरी एजेंट संबंधी गाइडलाइन में भी सम्मानजनक एवं विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि इन नियमों के बावजूद क्षेत्र में खुलेआम वाहन रोककर कब्जे में लेने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

प्रमुख मांगें

पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।

सड़क पर वाहन रोककर कब्जे में लेने वाले रिकवरी एजेंटों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

सभी फाइनेंस कंपनियों को RBI एवं सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए जाएं।

आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा हेतु प्रभावी प्रशासनिक कदम उठाए जाएं।

भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त व्यवस्था बनाई जाए।

प्रार्थना पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी से शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने तथा आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।