खेरागढ़ पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, फायरिंग के आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

संवाददाता सुमित गर्ग खेरागढ़,

खेत पर तारबंदी के दौरान चली गोलियां, पूर्व सैनिक बाल-बाल बचा; पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, दो गिरफ्तार

जमीन के बंटवारे और बटाई के विवाद में हुआ हमला, ट्रैक्टर के बोनट व टायर में लगे गोली के निशान; पुलिस ने आरोपियों को दबोचा

खेरागढ़। थाना क्षेत्र के गांव भिलावली में जमीन विवाद को लेकर पूर्व सैनिक पर कथित फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरे को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, खोखा कारतूस, एक राइफल और खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

श्रीनगर कॉलोनी, रामबाग आगरा निवासी पूर्व सैनिक विशंभर सिंह पुत्र स्व. रघुवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उन्होंने वर्ष 2013 में गांव भिलावली में करीब साढ़े पांच बीघा कृषि भूमि खरीदी थी। भूमि की बटाई पहले गांव के ही जगन्नाथ तोमर द्वारा की जाती थी, लेकिन बाद में अन्य किसानों को बटाई पर देने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

विशंभर सिंह के अनुसार उनकी भूमि से सटी जमीन जगन्नाथ के परिवार की है। वर्ष 2019 में सीमांकन को लेकर विवाद हुआ था, जिसका निस्तारण राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में कराया गया था। इसके बावजूद विवाद जारी रहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में भी उनके साथ फायरिंग की घटना हुई थी, लेकिन उस समय प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

रविवार को विशंभर सिंह अपने परिजनों और मजदूरों के साथ खेत पर तारबंदी कराने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान ससिया उर्फ संदीप, भोला उर्फ शिवकुमार पुत्रगण जगन्नाथ तथा अशोक पुत्र मुन्ना वहां पहुंच गए और तारबंदी का विरोध करने लगे। कहासुनी के बाद आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए पूर्व सैनिक ट्रैक्टर-ट्रॉली की आड़ में छिप गए। उनके अनुसार एक गोली ट्रैक्टर के बोनट और दूसरी टायर में लगी।

सूचना पर डायल-112 और थाना खेरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। थाना प्रभारी ने प्रथम दृष्टया दो राउंड फायरिंग होने के संकेत मिलने की बात कही थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

इसी क्रम में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दो अभियुक्तों का सामना पुलिस टीम से हुआ। आरोप है कि दोनों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में शिवकुमार उर्फ भोला पुत्र जगन्नाथ घायल हो गया, जबकि उसका साथी संदीप उर्फ ससिया भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक तमंचा, खोखा कारतूस, एक राइफल और खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि तीसरे नामजद आरोपी की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।