विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संकल्प एवं बीजारोपण योजना बैठक आयोजित

आगरा, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महामना मालवीय मिशन, आगरा संभाग द्वारा समृद्ध सागर अपार्टमेंट, न्यू आगरा में ?पर्यावरण संकल्प एवं बीजारोपण योजना बैठक? का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात पर्यावरण विशेषज्ञ प्रो. श्याम सुंदर सिंह चौहान ने की। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. पी.एन. अस्थाना तथा मुख्य वक्ता के रूप में प्रख्यात पर्यावरणविद् डॉ. मुकुल पांड्या कार्यक्रम संयोजक राकेश चंद्र शुक्ला उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता डॉ. मुकुल पांड्या ने आगरा क्षेत्र की जलवायु एवं भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप पौधों एवं वृक्षों के चयन तथा उनके संरक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है।

मुख्य अतिथि प्रो. पी.एन. अस्थाना ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के पर्यावरण प्रेम एवं उनके द्वारा किए गए व्यापक वृक्षारोपण कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि उस समय परिस्थितियाँ अनुकूल न होने के बावजूद उन्होंने हजारों वृक्ष लगाकर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया था।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. श्याम सुंदर सिंह चौहान ने प्लास्टिक प्रदूषण को पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बताते हुए सरकार से प्लास्टिक पर प्रभावी प्रतिबंध लागू करने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से भी प्लास्टिक के डिब्बों एवं अन्य एकल-उपयोग प्लास्टिक सामग्री के उपयोग से बचने का आग्रह किया।

कार्यक्रम संयोजक एवं महामना मालवीय मिशन, आगरा संभाग के महासचिव राकेश चंद्र शुक्ला ने सभी उपस्थित जनों से कम से कम एक पौधा लगाने तथा अन्य लोगों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने तथा पर्यावरण संतुलन एवं जैविक जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक परिवार को अपने घर में एक गौमाता के पालन हेतु प्रेरित किया।

बैठक में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों तथा आगामी वर्षा ऋतु में व्यापक वृक्षारोपण एवं बीजारोपण अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में अत्यधिक गर्मी एवं प्रतिकूल मौसम के कारण लगाए गए पौधों के जीवित रहने की संभावना कम रहती है, इसलिए वर्षा ऋतु के दौरान योजनाबद्ध एवं जनभागीदारी आधारित अभियान अधिक प्रभावी सिद्ध होगा।

कार्यक्रम में प्रो. वेद प्रकाश त्रिपाठी, श्रुति सिन्हा, डॉ. सुभदा पांडे, प्रो. वंदना अग्रवाल, वी.डी. जैन पी.जी. कॉलेज के प्राचार्य, चन्द्रशेखर शर्मा, डॉ. आनंद, डॉ. आचुत्य सारस्वत, श्रीप्रकाश शुक्ल मेमोरियल ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष अवनीश शुक्ला, सहकार भारती आगरा मंडल के विभाग सह-संयोजक अनिल संयाल, जिला मंत्री मुकेश जादौन, डॉ. रामजी सक्सेना, अनीता संयाल, पीयूष गुप्ता, एडवोकेट प्रांजल पचौरी, प्रो. अमिता त्रिपाठी, विजय गोयल, सुचेता सिंह, डॉ. मनोज, डॉ. अतुल कुमार उपाध्याय, नगर निगम के पर्यावरण प्रबंधक के.के. पांडे, आरती शर्मा, चतुर्भुज तिवारी, डॉ. दिवाकर तिवारी, पूनम सोलंकी, संजय कुमार, डॉ. वेदांत अग्रवाल, डी.के. पांडे, भव्य प्रताप सिंह एवं रुद्र प्रताप सिंह सहित अनेक शिक्षाविद्, चिकित्सक, पर्यावरण कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही महामना मालवीय मिशन, आगरा संभाग, सहकार भारती तथा श्रीप्रकाश शुक्ल मेमोरियल ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्यगण भी उपस्थित रहे।

बैठक में 50 से अधिक पर्यावरण प्रेमियों, पर्यावरण कवियों, शिक्षकों एवं समाजसेवियों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण, बीजारोपण, वृक्षारोपण एवं वृक्ष संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन राकेश चंद्र शुक्ला ने किया तथा अंत में सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया।