विश्व पर्यावरण दिवस पर बीएसएफ की 118वीं वाहिनी ने लगाया 500 पौधे, ‘हर घर हरियाली’ का दिया संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर में तैनात सीमा सुरक्षा बल की 118वीं वाहिनी द्वारा वाहिनी मुख्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कमांडेंट कमल सिंह राठौड़ के निर्देशन में भारत सरकार की पहल ?हर घर हरियाली, हर घर खुशहाली? के तहत किया गया।

500 पौधे लगाकर दिया हरियाली का संदेश....

वाहिनी मुख्यालय परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय बीएसएफ कैम्प और अंकुर बाल वाटिका विद्यालय के प्रांगण में बीएसएफ अधिकारियों, जवानों और विद्यार्थियों ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के करीब 500 पौधे लगाए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वातावरण और हरित भारत के महत्व पर जागरूकता का संदेश भी दिया गया। उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

पर्यावरण संरक्षण दैनिक जिम्मेदारी....

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट कमल सिंह राठौड़ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की दैनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सकता है। उन्होंने वृक्षारोपण को जन-आंदोलन बनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

छात्र-छात्राओं ने भी लिया हिस्सा....

कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी रजनीश कुमार, उप कमांडेंट शेर सिंह, सन्नीराम इनावती, परमजीत सिंह, सूबेदार मेजर साहब सिंह सहित अन्य अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे। केंद्रीय विद्यालय बीएसएफ के प्राचार्य राजेश बगड़िया और अंकुर बाल वाटिका विद्यालय की प्राचार्या दिशा के नेतृत्व में दोनों विद्यालयों के लगभग 20 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

118वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल ने इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।