तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पेड़ से टकराई, 2 की मौत, 3 गंभीर घायल

श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र में आज दोपहर को एक बार फिर रफ्तार ने कहर बरपाया। सलेमपुरा से बाजुवाला रोड पर खिचियां मोड़ के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिज़ायर कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

शादी समारोह में जा रहे थे कार सवार....

जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग गांव 4KPD रावला के रहने वाले थे और शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कार गांव 2KLM निवासी राम सिंह बाबरी की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की गति काफी तेज थी। खिचियां मोड़ के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि खेतों में जा गिरे लोग....

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार दूर खेतों में जा गिरे। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच....

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मौका-ए-वारदात का मुआयना कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घायलों का इलाज जारी है जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।