सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, अज्ञात वाहन से हुई टक्कर

श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र में बीती देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रडेवाला रोड पर सतपाल रेवाड़ की ढाणी के पास हुआ जहां अज्ञात वाहन से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।

अज्ञात वाहन से हुई टक्कर....
जानकारी के अनुसार गांव 9F माझीवाला निवासी चिमन लाल नायक बीती देर रात बाइक से श्रीकरणपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान सामने से आए अज्ञात वाहन से उनके बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चिमन लाल की मौके पर ही मौत हो गई।

राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल....
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस की मदद से घायल चिमन लाल को श्रीकरणपुर CHC पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी, शव परिजनों को सौंपा....
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आज पंचनामा कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया।