भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने गुरु अर्जन देव जी की याद में छबील लगाकर की मीठे जल की सेवा 

पीलीभीत। श्री गुरु अर्जन देव जी की याद में भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के द्वारा छबील लगाकर मीठे जल की सेवा की गई। इस दौरान भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत प्रदान करने के लिए ठंडा मीठा जल पिलाया गया। आयोजन में भाकियू चढूनी में संगठन के तमाम पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा की। वृहस्पतिवार को भारतीय किसान चढूनी संगठन द्वारा सिख धर्म के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर भीषण गर्मी में राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए जगह-जगह छबील (मीठे ठंडे पानी की सेवा) लगाई गयी। जिसमें राहगीरों को ठंडा जल पिलाया गया। बताया जाता है कि 1606 में ज्येष्ठ मास की चिलचिलाती गर्मी में मुगल बादशाह जहांगीर ने गुरु अर्जन देव जी को अत्यंत अमानवीय यातनाएं दी थीं। उनके सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में और तपती गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाने के लिए मीठा शरबत पिलाने की परंपरा निभाई जाती है। इसको लेकर देश भर में गुरुद्वारों के बाहर सिख संगत और स्थानीय निवासियों द्वारा मीठे पानी और शरबत की सेवा के शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय किसान यूनियन चढूनी संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बीते दिन मीठे जल की सेवा की। इस मौके पर मुख्य रूप से संगठन के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह काहलों सहित करीब दो दर्जन लोग मौजूद रहे।