1 जून से बड़ी राहत: बाड़मेर-मुनाबाव और मेड़ता रोड-रतनगढ़ ट्रेनें बनीं नियमित पैसेंजर, किराया भी होगा कम

यात्रियों को राहत: बाड़मेर-मुनाबाव और मेड़ता रोड-रतनगढ़ ट्रेनें अब नियमित पैसेंजर के रूप में चलेंगी

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए जोधपुर मंडल की दो महत्वपूर्ण ट्रेनों को स्पेशल श्रेणी से हटाकर नियमित पैसेंजर ट्रेनों के रूप में संचालित करने का फैसला किया है। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद बाड़मेर-मुनाबाव और मेड़ता रोड-रतनगढ़ रेल सेवाओं को स्थायी ट्रेन नंबर आवंटित कर दिए गए हैं। यह व्यवस्था 1 जून 2026 से लागू होगी।

जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 04879/04880 बाड़मेर-मुनाबाव-बाड़मेर स्पेशल अब नियमित पैसेंजर ट्रेन संख्या 74879/74880 के रूप में संचालित होगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 04851/04852 मेड़ता रोड-रतनगढ़-मेड़ता रोड स्पेशल को नियमित ट्रेन संख्या 74827/74828 के रूप में चलाया जाएगा।

रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को किराए में सीधा लाभ मिलेगा। अब इन ट्रेनों में स्पेशल अथवा एक्सप्रेस श्रेणी के बजाय सामान्य पैसेंजर ट्रेन के अनुरूप किराया लिया जाएगा। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी।

बाड़मेर-मुनाबाव पैसेंजर का समय

ट्रेन संख्या 74879 बाड़मेर-मुनाबाव पैसेंजर प्रतिदिन शाम 5:15 बजे बाड़मेर से रवाना होकर 7:30 बजे मुनाबाव पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 74880 मुनाबाव-बाड़मेर पैसेंजर प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे मुनाबाव से चलकर 7:45 बजे बाड़मेर पहुंचेगी।

मेड़ता Road-रतनगढ़ पैसेंजर का समय

ट्रेन संख्या 74827 मेड़ता रोड-रतनगढ़ पैसेंजर प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे मेड़ता रोड से प्रस्थान कर 11:55 बजे रतनगढ़ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 74828 रतनगढ़-मेड़ता रोड पैसेंजर शाम 5:30 बजे रतनगढ़ से रवाना होकर रात 10:20 बजे मेड़ता रोड पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार दोनों ट्रेनों के मार्ग, ठहराव और संचालन समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। केवल ट्रेन नंबर और श्रेणी में परिवर्तन किया गया है। रेलवे का मानना है कि इस फैसले से क्षेत्रीय यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी।