पश्चिम रेलवे चलाएगा मुंबई-अहमदाबाद के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत

यात्रियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने मुंबई और अहमदाबाद के बीच दो जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। ये ट्रेनें विशेष किराये पर चलाई जाएंगी और यात्रियों को गर्मी के मौसम में अतिरिक्त सुविधा प्रदान करेंगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेन संख्या 09021 मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद एसी सुपरफास्ट स्पेशल 31 मई 2026 को सुबह 6:20 बजे मुंबई सेंट्रल से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 09022 अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल एसी सुपरफास्ट स्पेशल उसी दिन दोपहर 3:10 बजे अहमदाबाद से रवाना होकर रात 9:45 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, सूरत, भरूच और वडोदरा स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में शताब्दी रेक के अंतर्गत एग्जीक्यूटिव चेयरकार, एसी चेयरकार, अनुभूति क्लास और विस्टाडोम कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 09044 अहमदाबाद-बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट स्पेशल 1 जून 2026 को सुबह 3:50 बजे अहमदाबाद से रवाना होकर दोपहर 12:15 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 09043 बांद्रा टर्मिनस-वटवा सुपरफास्ट स्पेशल 1 जून की रात 11:45 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:00 बजे वटवा पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 09044 वडोदरा, भरूच, सूरत, वापी, पालघर और बोरीवली स्टेशनों पर रुकेगी, जबकि ट्रेन संख्या 09043 बोरीवली, पालघर, वापी, उधना, वडोदरा, आनंद और नडियाद स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में एसी थ्री टियर और स्लीपर श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि इन स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग 30 मई 2026 से सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू होगी।