अहमदाबाद मंडल में DRUCC की पांचवीं बैठक आयोजित, रेलवे विकास परियोजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में गुरुवार को मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति DRUCC की पांचवीं बैठक मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में रेलवे विकास परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं, नई ट्रेन सेवाओं और स्टेशन पुनर्विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने की। उन्होंने समिति सदस्यों का स्वागत करते हुए विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सुझाव आमंत्रित किए तथा अहमदाबाद मंडल में चल रही प्रमुख विकास योजनाओं की जानकारी साझा की।

अपने संबोधन में डीआरएम वेद प्रकाश ने बताया कि नलिया वायोर सेक्शन में सितंबर 2026 तक मालगाड़ी संचालन शुरू करने की योजना है। उन्होंने कहा कि वटवा में भारतीय रेल का सबसे बड़ा 98 लाइनों वाला कोचिंग हब विकसित किया जा रहा है, जबकि वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है। इसके अलावा सरखेज?धोलेरा सेमी हाई स्पीड रेलवे परियोजना पर भी कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अन्नू त्यागी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मंडल की उपलब्धियों और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अहमदाबाद, साबरमती और भुज स्टेशनों का मेजर रीडेवलपमेंट कार्य प्रगति पर है, जिनमें साबरमती और भुज स्टेशन का कार्य उन्नत चरण में पहुंच चुका है। वहीं अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मंडल के 16 स्टेशनों का विकास लगभग ₹515 करोड़ की लागत से किया जा रहा है।

बैठक में बताया गया कि अहमदाबाद मंडल पश्चिम रेलवे का शीर्ष प्रदर्शन करने वाला मंडल है। मंडल में वर्तमान में 412 जोड़ी मेल, एक्सप्रेस और यात्री गाड़ियों का संचालन हो रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रतिदिन लगभग 1.1 लाख यात्रियों ने अहमदाबाद मंडल से यात्रा प्रारंभ की। मंडल ने पश्चिम रेलवे की कुल यात्री आय में 21 प्रतिशत और माल लदान में 49 प्रतिशत का योगदान दिया है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद मंडल भारतीय रेलवे में माल लदान के क्षेत्र में 8वें और माल आय में 7वें स्थान पर रहा। मंडल द्वारा मुंद्रा पोर्ट, दीनदयाल पोर्ट (कांडला) तथा टूना पोर्ट को बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जा रही है। मंडल में 143 यात्री स्टेशन, 33 रेलवे फ्रेट टर्मिनल और 7 गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल संचालित हैं।

स्टेशन पुनर्विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद स्टेशन का ₹2379 करोड़ की लागत से विश्वस्तरीय पुनर्विकास किया जा रहा है। साबरमती बीजी एवं साबरमती जंक्शन स्टेशन का लगभग 73 प्रतिशत तथा न्यू भुज स्टेशन का 76 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

बैठक में नई ट्रेन सेवाओं और विशेष ट्रेनों की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि भुज?दिल्ली एक्सप्रेस सेवा 22 मई 2026 से शुरू की गई है, जबकि उदयपुर सिटी?असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ 16 फरवरी 2026 को किया गया था।

मंडल की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में खेड़ब्रह्मा हिम्मतनगर रेलखंड राष्ट्र को समर्पित किया गया। इसके अलावा स्टेनलेस स्टील कंटेनरों के माध्यम से औद्योगिक नमक लदान की नई पहल, बेचराजी से ऑटोमोबाइल रेक संचालन तथा उंझा से असम तक मसालों की पहली पार्सल रेक जैसी उपलब्धियां भी दर्ज की गईं।बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने ट्रेनों के ठहराव, नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत, ट्रेनों के विस्तार, अंडरब्रिज एवं रोड ओवरब्रिज निर्माण, स्टेशनों पर ठंडे पानी की उपलब्धता, साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मंजू मीणा सहित मंडल के सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।