आग से बचाव को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, दिल्ली रोड स्थित फैक्ट्री में निरीक्षण

दिल्ली रोड की फैक्ट्री में अग्निशमन विभाग का फायर सेफ्टी निरीक्षण, कर्मचारियों को दिए आग से बचाव के महत्वपूर्ण सुझाव

मुरादाबाद। जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को मुरादाबाद अग्निशमन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। डीजी फायर सुजीत पांडेय के आदेश एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने दिल्ली रोड स्थित एक फैक्ट्री का निरीक्षण कर फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में लगाए गए अग्निशमन यंत्रों, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा पानी की उपलब्धता की बारीकी से जांच की गई। अग्निशमन अधिकारी ने फैक्ट्री प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा उपकरण हमेशा क्रियाशील अवस्था में रखे जाएं और समय-समय पर उनकी जांच कराई जाए।इस दौरान कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले बचाव उपायों की भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत अलार्म बजाएं, बिजली सप्लाई बंद करें और सुरक्षित स्थान की ओर जाएं। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए औद्योगिक इकाइयों में फायर सेफ्टी नियमों का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि विभाग लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को आग से बचाव के प्रति सचेत कर रहा है ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।अग्निशमन विभाग की इस कार्रवाई से फैक्ट्री कर्मचारियों और प्रबंधन में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा विभाग की पहल की सराहना की गई।