पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए इज्जतनगर मंडल की विशेष तैयारी, स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुरक्षा और सुविधाएं

पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए इज्जतनगर मंडल की विशेष तैयारी, स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुरक्षा और सुविधाएं

बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने व्यापक इंतजाम किए हैं। परीक्षा के दौरान संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मंडल के सभी संबंधित विभागों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

बरेली, बदायूं, उझानी, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, कायमगंज, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, गुरसहायगंज, कन्नौज और कानपुर अनवरगंज समेत प्रमुख एवं संवेदनशील रेलवे स्टेशनों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। यात्रियों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने के लिए उद्घोषणा प्रणाली, सूचना बोर्ड और अन्य यात्री सुविधाओं को सुचारु रूप से संचालित रखा जा रहा है।

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल एवं अन्य सुरक्षा कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। वहीं परीक्षा विशेष ट्रेनों में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा विशेष ट्रेनों का अधिकतम लाभ उठाने और यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।