मुरादाबाद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक मॉक ड्रिल, कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण

मुरादाबाद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक मॉक ड्रिल, कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय के निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार को जनपद मुरादाबाद के विभिन्न अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक मॉक ड्रिल एवं उपकरणों की जांच अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित किया गया।

अभियान के तहत अग्निशमन केंद्र मुरादाबाद, कटघर, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी में तैनात समस्त अग्निशमन कर्मियों को फाल-इन कराकर साप्ताहिक ड्रिल कराई गई। इस दौरान अधिकारियों ने कर्मियों को विभागीय कार्यों, शारीरिक दक्षता और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के संबंध में प्रशिक्षण दिया।

ड्रिल के दौरान अग्निशमन वाहनों एवं उपकरणों की क्रियाशीलता की जांच की गई। कर्मियों को उपलब्ध उपकरणों के नाम, उनकी क्षमता, उपयोग की विधि तथा अग्निशमन एवं रेस्क्यू कार्यों के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी उपकरणों की साफ-सफाई कर उन्हें किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपयोग के लिए तैयार रखा गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि नियमित मॉक ड्रिल और उपकरणों की जांच से अग्निशमन कर्मियों की कार्यकुशलता और तत्परता बनी रहती है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी एवं त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।

अग्निशमन विभाग द्वारा प्रत्येक माह के मंगलवार और शुक्रवार को इस प्रकार की नियमित ड्रिल एवं निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि विभागीय तैयारियों को हर समय उच्च स्तर पर बनाए रखा जा सके।