मुरादाबाद में दो फैक्ट्रियों में भीषण आग, 14 फायर टेंडरों की मदद से पाया गया काबू

मुरादाबाद में दो फैक्ट्रियों में भीषण आग, 14 फायर टेंडरों की मदद से पाया गया काबू

मुरादाबाद। जनपद के थाना मैनाठेर क्षेत्र स्थित फरीदपुर में मंगलवार शाम करीब 6:15 बजे आरिफ ब्रास एवं एक अन्य फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर सर्विस, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

आग की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद जनपद के विभिन्न फायर स्टेशनों से 7 फायर टेंडर, अमरोहा से 2, संभल से 2, रामपुर से 1 तथा मुरादाबाद के निजी संस्थानों से 2 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। कुल 14 फायर टेंडरों ने रिले पंपिंग प्रणाली के माध्यम से लगातार पानी की आपूर्ति कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में फायर कर्मियों ने आग को चारों ओर से घेरकर बड़े क्षेत्र में फैलने से रोका। आग बुझाने के दौरान मलबा हटाने और अग्निशमन कार्य में तेजी लाने के लिए जेसीबी मशीन का भी उपयोग किया गया।

घटनास्थल पर एसडीएम बिलारी, सीओ बिलारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, थाना प्रभारी एवं फायर स्टेशन अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।

फायर सर्विस और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि फैक्ट्रियों में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।