एक पेड़ माँ के नाम से गूंजा अहमदाबाद मंडल, पर्यावरण संरक्षण का दिया मजबूत संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान में अहमदाबाद मंडल की अनूठी पहल, एक पेड़ माँ के नाम से दिया हरित भविष्य का संदेश

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 27 से 30 मई 2026 तक हरित एवं सतत रेल परिचालन थीम के अंतर्गत व्यापक पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देना था। इस दौरान मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों, कार्यालय परिसरों एवं अन्य परिसंपत्तियों में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के तहत प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे एक पेड़ माँ के नाम कार्यक्रम को विशेष रूप से बढ़ावा दिया गया। मंडल के विभिन्न स्थानों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया तथा कर्मचारियों एवं आमजन को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं हरित बनाने के लिए विशेष सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान चलाए गए। स्टेशनों के निकट स्थित उद्यानों और पार्कों के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि यात्रियों और स्थानीय निवासियों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल वातावरण मिल सके।

अहमदाबाद मंडल ने रेलवे कॉलोनियों में सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए। इनमें प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण, जल बचत और पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छ वायु और हरित क्षेत्रों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभावों को लेकर विशेष स्वास्थ्य जागरूकता अभियान भी चलाया गया।

अभियान के दौरान ई-कचरे के बढ़ते खतरे और उसके उचित निपटान पर भी फोकस किया गया। कर्मचारियों और आम नागरिकों को ई-वेस्ट के सुरक्षित संग्रहण, पुनर्चक्रण और जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कपड़े और जूट के थैलों के उपयोग को प्रोत्साहित किया गया। वहीं वन स्टेशन वन प्रोडक्ट (ओएसओपी) योजना के अंतर्गत उपलब्ध पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन विषयों पर चित्रकला, निबंध लेखन तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवा पीढ़ी में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।

भारतीय रेल की हरित पहल को आगे बढ़ाते हुए अभियान के दौरान डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने तथा कागज के उपयोग को कम करने पर भी विशेष जोर दिया गया। इससे संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण-अनुकूल रेल संचालन को प्रोत्साहन मिला।

अहमदाबाद मंडल ने इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कर्मचारियों, यात्रियों और स्थानीय समुदायों को हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया।