फिरोजपुर मंडल में अलर्ट मोड: पंखा बंद मिला तो कर्मचारी का चैन बंद!

फिरोजपुर मंडल में गर्मी पर रेलवे का वार, सीनियर डीसीएम बसंत कुमार की सख्ती से यात्रियों को मिल रही राहत

स्टेशन पर पंखा बंद मिला तो कर्मचारी की नींद बंद! सीनियर डीसीएम बसंत कुमार

फिरोजपुर। भीषण गर्मी के इस दौर में जहां लोग गर्म हवाओं और उमस से परेशान हैं, वहीं फिरोजपुर मंडल में रेलवे प्रशासन यात्रियों को राहत देने के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में उतर चुका है। मंडल के सीनियर डीसीएम बसंत कुमार इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। उनका साफ संदेश है कि यात्रियों की सुविधा में कोई समझौता नहीं होगा और स्टेशन पर लापरवाही करने वालों की अब खैर नहीं।

गर्मी को देखते हुए मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर ठंडे पेयजल, रेल नीर, चल रहे पंखे, एसी वेटिंग हॉल, साफ-सुथरे प्रतीक्षालय और बेहतर यात्री सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सीनियर डीसीएम बसंत कुमार लगातार अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दे रहे हैं।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, बसंत कुमार ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि किसी स्टेशन पर पंखा बंद, पानी की कमी या यात्रियों को असुविधा जैसी शिकायत मिली तो जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। यही वजह है कि मंडल के कर्मचारियों की ?नींद उड़ी? हुई है और सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने में जुटे हैं।

खास बात यह है कि सीनियर डीसीएम बसंत कुमार केवल कार्यालय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वह स्वयं स्टेशनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परख रहे हैं। तेज गर्मी के बावजूद वह लगातार स्टेशन-स्टेशन जाकर यात्रियों की सुविधाओं का जायजा ले रहे हैं। उनकी सक्रियता और अनुशासन का असर अब साफ तौर पर स्टेशनों पर दिखाई देने लगा है।

यात्रियों का कहना है कि पहले की तुलना में अब स्टेशनों पर साफ-सफाई बेहतर हुई है, पंखे सुचारु रूप से चल रहे हैं और ठंडा पानी आसानी से उपलब्ध हो रहा है। लोगों ने रेलवे प्रशासन की इस तत्परता की जमकर सराहना की है।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि बसंत कुमार की संवेदनशील कार्यशैली और सख्त निगरानी के चलते फिरोजपुर मंडल लगातार यात्री सुविधाओं के मामले में नई मिसाल कायम कर रहा है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य है कि भीषण गर्मी में भी यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिले और फिरोजपुर मंडल के स्टेशन देश के बेहतरीन स्टेशनों में अपनी पहचान मजबूत करें।