फिरोजपुर मंडल ने बढ़ाया हरियाली की ओर कदम, उत्साह से हुआ पौधारोपण

फिरोजपुर मंडल ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के नेतृत्व में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, फिरोजपुर परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर इस अभियान से जुड़ें और प्रकृति संरक्षण में अपना योगदान दें।कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता भूपेन्द्र, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी साक्षी सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि पांडे, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट परमदीप सिंह सैनी सहित अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।विशेष बात यह रही कि केवल मंडल मुख्यालय ही नहीं, बल्कि फिरोजपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी सामूहिक वृक्षारोपण किया गया।एक पेड़ माँ के नाम अभियान के माध्यम से रेलवे ने समाज को पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का भावनात्मक संदेश देने का सराहनीय प्रयास किया है।