फिरोजपुर मंडल की नई पहल: बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट बना उद्योगों का भरोसेमंद साथी, रेलवे माल ढुलाई को मिल रही नई रफ्तार

फिरोजपुर। भारतीय रेलवे द्वारा माल परिवहन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और उद्योग जगत को बेहतर लॉजिस्टिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में फिरोजपुर मंडल का बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुरूप गठित यह यूनिट नए माल यातायात स्रोतों को आकर्षित करने और व्यापारिक संस्थानों को रेलवे से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास कर रही है।फिरोजपुर मंडल की बीडीयू टीम विभिन्न औद्योगिक इकाइयों, व्यापारिक संगठनों और लॉजिस्टिक कंपनियों के साथ नियमित बैठकें एवं दौरे कर रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य उद्योगों की परिवहन जरूरतों को समझते हुए उन्हें रेलवे के माध्यम से सुरक्षित, किफायती और तेज माल ढुलाई की सुविधा उपलब्ध कराना है।रेलवे की यह पहल न केवल व्यापार और उद्योगों के लिए लाभकारी साबित हो रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। सड़क परिवहन की तुलना में रेलवे माल ढुलाई अधिक पर्यावरण अनुकूल और ऊर्जा दक्ष मानी जाती है, जिससे कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आती है।फिरोजपुर मंडल का बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट उद्योग जगत को हर संभव सहयोग और समन्वय प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंडल द्वारा व्यापारियों और उद्यमियों को रेलवे की आधुनिक माल परिवहन सेवाओं से जोड़ने के लिए लगातार जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह पहल क्षेत्रीय उद्योगों को नई गति देने के साथ-साथ भारतीय रेलवे की माल ढुलाई क्षमता को और अधिक मजबूत बनाएगी। फिरोजपुर मंडल की यह सक्रियता रेलवे को देश की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार बनाने की दिशा में एक सकारात्मक और सराहनीय कदम साबित हो रही है।