जलवायु परिवर्तन पर नुक्कड़ नाटक से जागरूकता का संदेश, शानदार प्रस्तुति पर टीम सम्मानित

विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत मंडल कार्यालय में जलवायु परिवर्तन विषय पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के दुष्परिणामों तथा उसके समाधान के प्रति जागरूक करना रहा।नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, जल संकट और पर्यावरण असंतुलन जैसी गंभीर समस्याओं को बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही लोगों को वृक्षारोपण, जल संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया गया।कार्यक्रम का संचालन संयोजक अरविंद यादव ने किया, जबकि सुनील बडगूजर एवं उनकी टीम ने शानदार प्रस्तुति देकर सभी को प्रभावित किया। कलाकारों के जीवंत अभिनय और सामाजिक संदेश से भरपूर मंचन की उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जमकर सराहना की।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने नुक्कड़ नाटक टीम की सराहना करते हुए उत्कृष्ट प्रस्तुति पर नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी मेघा गोदारा,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव,वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर राम अवतार मीणा सहित अन्य रेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।