पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बना अजमेर मंडल, स्टेशनों पर चला स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त अभियान

पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बना अजमेर मंडल, स्टेशनों पर चला स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त अभियान

विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के तहत यात्रियों और कर्मचारियों को किया जागरूक

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है जलवायु परिवर्तन ? धरती माता के समक्ष उत्पन्न चुनौतियों विषय पर आधारित यह विशेष अभियान 15 मई से 05 जून 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 19 मई से 24 मई 2026 तक मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन तथा प्लास्टिक उन्मूलन से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की गईं।

अभियान के तहत 19 मई को मंडल के सभी एनएसजी-2 से एनएसजी-4 एवं अन्य श्रेणी के स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन अभियान चलाया गया। प्लेटफॉर्मों पर कचरे के पृथक्करण के लिए डस्टबिनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई तथा यात्रियों को निर्धारित डस्टबिनों के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।

20 मई को रेलवे स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय समुदाय और स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता भी रही। इस दौरान स्वच्छ वातावरण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

21 मई को पर्यावरण अनुकूल एवं गैर-प्लास्टिक कटलरी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। रेलवे प्रशासन ने जैव-अवक्रमणीय और प्लास्टिक मुक्त विकल्पों के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

22 मई को रेलवे कर्मचारियों को अपशिष्ट पृथक्करण प्रणाली, जैविक कचरे के प्रबंधन तथा प्लास्टिक उपयोग में कमी लाने के उपायों के संबंध में जागरूक किया गया।

23 मई को प्लास्टिक कमी एवं सतत व्यवहार अभियान के तहत स्टेशनों पर विक्रेताओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। साथ ही यात्रियों को अपनी पानी की बोतल साथ रखने और स्टेशन पर उपलब्ध जल पुनर्भरण सुविधाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि एकल उपयोग प्लास्टिक की खपत को कम किया जा सके।

24 मई को सभी स्टेशनों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को जल संरक्षण, अपनी पानी की बोतल उपयोग करने और जल प्रदूषण रोकने के संबंध में जागरूकता संदेश प्रसारित किए गए।

अजमेर मंडल ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त पहल और जनभागीदारी के माध्यम से सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए रेलवे निरंतर प्रयासरत है।