गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को राहत, 52 जोड़ी ट्रेनों में 132 अतिरिक्त डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी

गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन द्वारा 52 जोड़ी रेलसेवाओं में विभिन्न श्रेणी के कुल 132 अतिरिक्त डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की जा रही है, जिससे यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में राहत मिलेगी।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि जून और जुलाई 2026 के दौरान कई प्रमुख रेलमार्गों पर थर्ड एसी, सेकेंड एसी, शयनयान, वातानुकूलित कुर्सीयान तथा साधारण श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे।रेलवे द्वारा जिन प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं, उनमें लालगढ़-दिल्ली सराय, दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी, जयपुर-जोधपुर, अजमेर-अमृतसर, जोधपुर-इंदौर, इंदौर-भगत की कोठी, जोधपुर-वाराणसी सिटी, अजमेर-सियालदाह, बीकानेर-कोलकाता, जोधपुर-दिल्ली, श्रीगंगानगर-पुरी, हिसार-जयपुर तथा जयपुर-बठिंडा सहित कई महत्वपूर्ण रेलसेवाएं शामिल हैं।इसके अलावा राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में भी अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधा मिल सकेगी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस अस्थायी बढ़ोतरी का मुख्य उद्देश्य गर्मी की छुट्टियों में बढ़े यात्री दबाव को कम करना, प्रतीक्षा सूची घटाना और यात्रियों को आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से साधारण एवं शयनयान श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बों से आम यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति और कोच संरचना की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।