राजस्थान को जल्द मिलेंगी 200 नई ट्रेनों की सौगात रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से दोगुनी होगी संचालन क्षमता

राजस्थान में रेलवे आधारभूत संरचना को आधुनिक, मजबूत और यात्री सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आने वाले समय में राजस्थान को 200 से अधिक नई ट्रेनों की सौगात मिलेगी। इसके लिए राज्य में रेलवे की परिचालन क्षमता तेजी से बढ़ाई जा रही है।जालोर रेलवे स्टेशन पर आजादी के बाद पहली बार जालोर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाली नई सीधी रेल सेवा को हरी झंडी दिखाने के दौरान रेल मंत्री ने कहा कि राजस्थान में पिट लाइनों, कोचिंग टर्मिनलों, यार्ड आधुनिकीकरण, रेलवे ट्रैक दोहरीकरण, गति वृद्धि तथा स्टेशन पुनर्विकास जैसे अभूतपूर्व कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से रेलवे की संचालन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा और नई ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेनों के रखरखाव की क्षमता बढ़ाने के लिए रेलवे विभिन्न स्थानों पर नई पिट लाइनों का निर्माण कर रहा है। वर्तमान में उत्तर पश्चिम रेलवे क्षेत्र में 22 पिट लाइनें कार्यरत हैं, जबकि मदार, उमरा, लालगढ़, श्रीगंगानगर, हिसार, सूरतगढ़, खातीपुरा (जयपुर), बाड़मेर और जैसलमेर सहित कई स्टेशनों पर 20 नई पिट लाइनों का निर्माण तेजी से चल रहा है।उन्होंने बताया कि जयपुर के निकट भट्टो की गली क्षेत्र को मेगा कोचिंग टर्मिनल के रूप में विकसित करने की योजना भी प्रस्तावित है। यहां पिट लाइन, वॉशिंग लाइन, स्टेबल लाइन और सिक लाइन जैसी अत्याधुनिक अनुरक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनों का बेहतर रखरखाव संभव हो सकेगा।रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद उत्तर पश्चिम रेलवे की रखरखाव क्षमता लगभग दोगुनी हो जाएगी। इससे नई रेल सेवाओं के संचालन के व्यापक अवसर पैदा होंगे और सीमावर्ती क्षेत्रों, ग्रामीण इलाकों तथा औद्योगिक क्षेत्रों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।राजस्थान में चल रहे रेलवे विकास कार्य आने वाले वर्षों में प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देंगे और राज्य को देश के प्रमुख आर्थिक एवं पर्यटन केंद्रों से और अधिक मजबूती से जोड़ेंगे।