फतेहपुर में फैक्ट्री परिसर में खड़े ट्रकों में लगी भीषण आग करोड़ों का नुकसान

संदिग्ध हालात में लगी आग, एक घंटे में पाया काबू, फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

फतेहपुर जनपद के मलवां थाना क्षेत्र के सौरा गांव के पास एनएच-19 किनारे स्थित एक फैक्ट्री परिसर में मंगलवार सुबह संदिग्ध हालात में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री परिसर में लोडिंग के लिए खड़े करीब 15 ट्रक देखते ही देखते आग की चपेट में आ गए। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया।आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। तेज धमाकों की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए। परिसर में मौजूद गार्ड व कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई।स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 व फायर स्टेशन को सूचना दी।सूचना पर मलवां थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फतेहपुर व खागा से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां भी पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक 15 ट्रक व उनमें लदा प्लास्टिक दाना पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।प्रत्यक्षदर्शी गार्ड ने बताया कि वह गेट पर था। तभी परिसर के कोने में खड़े एक ट्रक से अचानक धुआं उठने लगा। शोर मचाने पर अन्य कर्मचारी आए, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ समझ नहीं आया। देखते ही देखते पास खड़े अन्य ट्रकों ने भी आग पकड़ ली।फैक्ट्री प्रबंधक ने बताया कि आग से करीब 1करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। जले हुए ट्रकों में लगभग 10 फैक्ट्री के व 5 बाहर के बताए जा रहे हैं। सभी ट्रकों में माल लोड था। नुकसान का सही आंकलन किया जाएगा।थानाध्यक्ष मलवां ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। हालांकि संदिग्ध हालात को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मंगलवार को दोपहर फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर नमूने लिए हैं। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।
गनीमत रही कि होने घटना के समय परिसर में मजदूरों की संख्या कम थी। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। अगर आग फैक्ट्री के गोदाम तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने परिसर को सील कर दिया है।