फिरोजपुर मंडल सौर ऊर्जा विस्तार के जरिए हरित ऊर्जा की ओर तेजी से बढ़ा

भारतीय रेल को पर्यावरण-अनुकूल एवं ऊर्जा-कुशल परिवहन व्यवस्था बनाने की दिशा में भारतीय रेल का फिरोजपुर मंडल लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। सतत एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर बड़े पैमाने पर रूफटॉप सोलर पावर सिस्टम स्थापित किए जा रहे हैं।फिरोजपुर मंडल के 22 रेलवे स्टेशनों पर वर्तमान में रूफटॉप सोलर पावर सिस्टम सफलतापूर्वक कार्यरत हैं, जिनकी कुल स्थापित क्षमता 846 किलोवाट है। इसके अलावा हाल ही में 12 अन्य रेलवे स्टेशनों पर लगभग 400 किलोवाट क्षमता के नए सोलर प्लांट भी स्थापित किए गए हैं। इन सोलर प्रणालियों से उत्पन्न बिजली का उपयोग सीधे रेलवे स्टेशनों के विद्युत भार को पूरा करने में किया जा रहा है, जिससे पारंपरिक विद्युत ग्रिड पर निर्भरता कम होने के साथ-साथ बिजली खर्च में भी उल्लेखनीय कमी आई है।वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान इन सोलर संयंत्रों से लगभग 5,31,076 यूनिट हरित ऊर्जा का उत्पादन किया गया, जिससे करीब 37.18 लाख रुपये की विद्युत लागत की बचत हुई। यह उपलब्धि रेलवे संचालन में नवीकरणीय ऊर्जा के आर्थिक और पर्यावरणीय लाभों को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।इस पहल के माध्यम से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम हो रही है, ऊर्जा व्यय में बचत हो रही है तथा रेलवे स्टेशनों पर ऊर्जा सुरक्षा और विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता में वृद्धि हुई है। साथ ही स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा को बढ़ावा मिलने से कार्बन उत्सर्जन में कमी आ रही है और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिल रही है।फिरोजपुर मंडल ने अपनी दीर्घकालिक सतत विकास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में अतिरिक्त 1.15 मेगावाट सोलर ऊर्जा क्षमता स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके पूरा होने पर मंडल की ऊर्जा दक्षता और अधिक मजबूत होगी तथा हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भारतीय रेल की उपलब्धियों में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा।