प्लास्टिक मुक्त रेलवे की ओर फिरोजपुर मंडल का कदम, स्टेशनों पर चला विशेष जागरूकता अभियान

फिरोजपुर। विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत फिरोजपुर मंडल द्वारा 15 मई से 5 जून तक विभिन्न जन-जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 23 एवं 24 मई को मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर प्लास्टिक उन्मूलन को बढ़ावा देने हेतु विशेष अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों पर एकल उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा रेल यात्रियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की गईं। स्टेशन परिसरों में लगाए गए बैनरों एवं वितरित किए गए पम्पलेटों के माध्यम से यात्रियों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और उसके विकल्पों के बारे में जानकारी दी गई।मंडल द्वारा स्टेशनों पर स्थापित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की कार्यप्रणाली की भी जांच की गई, ताकि प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण को सुनिश्चित किया जा सके। वहीं केटरिंग स्टॉलों पर सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उन्मूलन को लेकर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। वेंडरों को पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों पर सभी पेयजल स्थलों की साफ-सफाई एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की गई। यात्रियों को अपनी पानी की बोतलों को दोबारा भरकर उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिससे प्लास्टिक बोतलों के उपयोग में कमी लाई जा सके।फिरोजपुर मंडल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास के प्रति रेलवे पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा।