अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी के बीच नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ शुरू, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

अमृतसर। रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू किया जा रहा है। इस नई ट्रेन के चलने से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बेहतर सुविधा मिलेगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 14664/14663 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।

ट्रेन संख्या 14664 अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 14 मई 2026 से प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। यह ट्रेन दोपहर 12:45 बजे अमृतसर से प्रस्थान कर लगभग 39 घंटे बाद सुबह 04:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी।

वहीं ट्रेन संख्या 14663 न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर के लिए 16 मई 2026 से प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन सुबह 08:00 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से रवाना होकर लगभग 42 घंटे बाद रात्रि 02:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार यात्रियों की सुविधा के लिए यह ट्रेन दोनों दिशाओं में जलंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर, बढ़नी, सिद्धार्थनगर, आनंदनगर, गोरखपुर, कप्तानगंज, सिसवा बाजार, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड, झंझारपुर, फारबिसगंज, अररिया, बागडोगरा और सिलीगुड़ी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

रेलवे ने बताया कि इस अमृत भारत ट्रेन में स्लीपर श्रेणी के 08 कोच तथा जनरल श्रेणी के 11 कोच शामिल हैं, जिससे आम यात्रियों को भी किफायती और आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार (फिरोजपुर) ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी यात्रा को सुगम बनाएं।

नई ट्रेन सेवा से पूर्वोत्तर भारत की ओर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।