फिरोजपुर मंडल: ट्रेन में छूटा लैपटॉप यात्री को सुरक्षित लौटाया

फिरोजपुर। रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और ईमानदारी का एक सराहनीय उदाहरण फिरोजपुर मंडल में सामने आया है। अमृतसर स्टेशन पर कार्यरत टिकट जांच स्टाफ पलविंदर सिंह एवं सौरव वर्मा ने ट्रेन में छूटे एक यात्री के कीमती लैपटॉप को सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक को वापस सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार 08 अप्रैल को ट्रेन संख्या 12926 (पश्चिम सुपरफास्ट एक्सप्रेस) में यात्रा कर रहे एक यात्री का बैग अनजाने में ट्रेन में ही छूट गया, जिसमें उसका महत्वपूर्ण और कीमती लैपटॉप मौजूद था। यात्री ने तुरंत रेल मदद के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की सूचना जैसे ही वाणिज्य नियंत्रण, फिरोजपुर से प्राप्त हुई, टिकट जांच स्टाफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लैपटॉप की तलाश शुरू की। कड़ी मेहनत और सतत प्रयासों के बाद स्टाफ ने लैपटॉप को सफलतापूर्वक खोज निकाला।

इसके बाद लैपटॉप को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ चंडीगढ़ की उपस्थिति में पूरी सुरक्षा के साथ उसके स्वामी को सौंप दिया गया। अपना लैपटॉप वापस पाकर यात्री ने रेलवे स्टाफ की तत्परता और ईमानदारी की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।

फिरोजपुर मंडल ने बताया कि वह यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। इस प्रकार की घटनाएं रेलवे कर्मचारियों की जिम्मेदारी और सेवा भावना को दर्शाती हैं।