सिगरा में रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे अवैध हुक्काबारों पर SOG का छापा

नशे में डूबे मिले कम उम्र के युवक-युवती, 4 गिरफ्तार

वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले अवैध हुक्काबारों के खिलाफ वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। सिगरा थाना क्षेत्र में रेस्टोरेंट और होटलों की आड़ में संचालित हो रहे अवैध हुक्काबारों के नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस और एसओजी टीम ने रविवार को दो अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई से हुक्काबार संचालकों में हड़कंप मच गया।पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसओजी प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा और उनकी टीम के साथ संयुक्त रूप से सिगरा क्षेत्र में दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में हुक्के, मॉडर्न वैरायटी के पॉट्स, नशीले फ्लेवर और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।पुलिस टीम ने सबसे पहले डब्ल्यूएच स्मिथ रोड स्थित पूर्विका होटल के बेसमेंट में चल रहे ?लव बाइट? हुक्काबार पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही मुख्य संचालक अभिषेक सोनकर और अजीत बिंद मौके से फरार हो गए, जबकि विवेक नामक युवक को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।छापेमारी के दौरान वहां करीब 13 लड़के और लड़कियां नशे की हालत में मौजूद मिले। पुलिस ने सभी से पूछताछ की और कई संदिग्ध सामग्रियां जब्त कीं।इसके बाद पुलिस टीम ने आकाशवाणी तिराहे के पास गंगापुरी कॉलोनी स्थित सत्यम प्लाजा में संचालित ?लॉर्ड ऑफ शीशा? हुक्काबार पर दबिश दी। यहां से संचालक नितेश विश्वकर्मा समेत दो अन्य आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।पुलिस के अनुसार दोनों स्थानों पर कैफे और रेस्टोरेंट की आड़ में अंदर गुप्त रूप से हुक्काबार चलाए जा रहे थे, जहां तेज म्यूजिक और रंगीन माहौल के बीच युवाओं को नशीले फ्लेवर परोसे जाते थे।जांच में सामने आया कि हुक्काबारों में आने वाले अधिकांश ग्राहक स्कूल और कॉलेज जाने वाले कम उम्र के युवक-युवतियां थे। युवाओं को आकर्षित करने के लिए आधुनिक कैफे जैसा माहौल तैयार किया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अवैध ठिकाने युवाओं को तेजी से नशे की ओर धकेल रहे हैं।मामले में एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि वाराणसी पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को गंगापुरी कॉलोनी और उसके आसपास अवैध हुक्काबार संचालित होने की सटीक सूचना मिली थी, जिसके बाद एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।उन्होंने बताया कि मौके से प्रतिबंधित नशीले फ्लेवर, मॉडर्न पॉट्स और अन्य सामान बरामद किया गया है। कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।पुलिस ने दोनों हुक्काबारों को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।