शिवा स्वरांजलि” कार्यक्रम का शुभारम्भ, सुरों से सजा बनारस क्लब

वाराणसी। बनारस और आसपास के जिलों में छिपी गायन प्रतिभाओं को अब अपनी पहचान बनाने का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। ओम शिवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित ?शिवा स्वरांजलि? कार्यक्रम के जरिए उभरते कलाकारों को मंच देने की पहल शुरू की गई है। बनारस क्लब में आयोजित कार्यक्रम के शुभारम्भ के साथ ही प्रतियोगिता को लेकर कलाकारों में खासा उत्साह देखने को मिला।आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता खास तौर पर उन प्रतिभाशाली युवाओं के लिए तैयार की गई है, जिन्हें अब तक अपनी कला दिखाने का उचित अवसर नहीं मिल पाया। कार्यक्रम में राग आधारित फिल्मी गीतों के माध्यम से प्रतिभागियों की गायकी, सुर और मंच प्रस्तुति का मूल्यांकन किया जाएगा।फाउंडेशन ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और यह 10 जुलाई तक चलेगी। प्रतियोगिता की पहली स्क्रीनिंग 26 जुलाई, दूसरी 30 अगस्त तथा तीसरी स्क्रीनिंग 27 सितंबर को आयोजित होगी। इसके बाद सेमीफाइनल 25 अक्टूबर और ग्रैंड फिनाले 31 अक्टूबर को कराया जाएगा। हर चरण में प्रतिभागियों की सुर, ताल, प्रस्तुति और मंच संचालन क्षमता को परखा जाएगा।कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने कहा कि बनारस की संगीत परंपरा विश्वभर में प्रसिद्ध है और यहां के कलाकारों में अद्भुत प्रतिभा मौजूद है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की है। इसी उद्देश्य से ?शिवा स्वरांजलि? की शुरुआत की गई है, ताकि युवा कलाकार अपने हुनर के दम पर नई पहचान बना सकें।कार्यक्रम को स्वर कोकिला दिवंगत आशा भोसले की स्मृति एवं दिव्यांगजनों की सेवा को समर्पित किया गया। इस मौके पर शहर के कलाकार, समाजसेवी, सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोग और संगीत प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।