कैंट रेलवे स्टेशन के सामने अवैध शराब बिक्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

वाराणसी।सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार की रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजयनगरम मार्केट क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब, देसी शराब तथा बीयर बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और देर रात तक लोगों की भीड़ मौके पर जुटी रही।प्राप्त जानकारी के अनुसार सिगरा पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजयनगरम मार्केट में कुछ लोग देर रात अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहे हैं। आरोप था कि यह लोग राहगीरों, यात्रियों तथा रात्रि में आने-जाने वाले ग्राहकों को खुलेआम शराब बेचते थे। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ शुक्रवार रात विशेष अभियान चलाया।पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली तो उनके पास से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 35 बोतलें, देसी शराब की 16 बोतलें तथा बीयर के 41 कैन बरामद हुए। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा लंबे समय से अवैध शराब बिक्री करने की बात सामने आने की चर्चा है। हालांकि पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। आरोपी रेलवे स्टेशन के आसपास आने-जाने वाले यात्रियों और देर रात घूमने वाले लोगों को निशाना बनाकर ऊंचे दामों पर शराब बेचते थे। इससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा था। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि रात के समय क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई थी, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।सिगरा पुलिस द्वारा पकड़ी गई शराब की कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है। बरामद शराब को पुलिस ने कब्जे में लेकर सील कर दिया है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों को शराब की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।