“दमकल पहुंची फटाफट, वरना मंडी चौक बन जाता ‘तंदूर चौक’!”

मंडी चौक स्थित भारत गोटे शॉप में भीषण आग, अग्निशमन विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा

मुरादाबाद के मंडी चौक स्थित भारत गोटे शॉप में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। देखते ही देखते दुकान से धुएं और आग की तेज लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभालते हुए सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय और अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियों को लगाया गया और फायर कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए आग को फैलने से रोकने का प्रयास शुरू कर दिया।अग्निशमन विभाग की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से काफी हद तक रोका गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे, वहीं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।सीओ कोतवाली सुनीता दहिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए रही।समाचार लिखे जाने तक नुकसान का सही आकलन नहीं हो सका था, लेकिन प्रशासन की तत्परता और फायर कर्मियों की मेहनत की स्थानीय लोगों ने सराहना की। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।