वडोदरा स्टेशन पर आधुनिक यार्ड रीमॉडलिंग, रेल संचालन होगा और अधिक सुरक्षित व तेज

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल अंतर्गत वडोदरा स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित परिचालन और ट्रेनों की समयबद्धता बढ़ाने के उद्देश्य से यार्ड रीमॉडलिंग कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के तहत स्टेशन यार्ड में इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली की कमीशनिंग के साथ TWO एवं नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य जारी है, जिसकी शुरुआत 16 मई 2026 से की गई थी।रेलवे द्वारा इस महत्वपूर्ण परियोजना को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए 21 मई 2026 से 20 जून 2026 तक ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कुछ ट्रेनों के संचालन में अस्थायी परिवर्तन किए गए हैं। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्य पूरा होने के बाद वडोदरा स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही और अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित तथा तेज होगी, जिससे यात्रियों को भविष्य में बड़ा लाभ मिलेगा।इस अवधि में कुछ मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को बाजवा एवं प्रतापनगर स्टेशन से शॉर्ट टर्मिनेट/शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा। वटवा-वडोदरा मेमू ट्रेनें बाजवा तक ही चलेंगी, जबकि वडोदरा-वटवा मेमू ट्रेनें बाजवा से संचालित होंगी। इसके अलावा वडोदरा-जामनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा जामनगर-वडोदरा ट्रेन भी इस अवधि में बाजवा स्टेशन से शॉर्ट टर्मिनेट/ओरिजिनेट रहेगी। वहीं, वडोदरा-वटवा पैसेंजर ट्रेन प्रतापनगर से सुबह 5:40 बजे रवाना होगी तथा वडोदरा स्टेशन पर 5 मिनट का ठहराव करेगी।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेकर ही स्टेशन पहुंचे। रेलवे प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि यह विकास कार्य पूरा होने के बाद वडोदरा स्टेशन पर रेल यातायात और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं आधुनिक होगा।