“विश्व पर्यावरण दिवस-2026” अभियान के तहत अहमदाबाद मंडल में पर्यावरण संरक्षण की शपथ, डीआरएम वेद प्रकाश ने दिलाया संकल्प

अहमदाबाद। भारतीय रेल द्वारा ?विश्व पर्यावरण दिवस-2026? के तहत 15 मई से 5 जून 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत 18 मई 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, अहमदाबाद में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस अवसर पर पश्चिम रेलवे अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने मंडल कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन की शपथ दिलाई।शपथ कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएंगे, जल एवं ऊर्जा की बचत करेंगे, प्लास्टिक का उपयोग कम करेंगे, स्वच्छता बनाए रखेंगे तथा हरित और सतत जीवनशैली अपनाएंगे।डीआरएम वेद प्रकाश ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी लाना, स्वच्छता अभियान को मजबूत करना, जल एवं ऊर्जा संरक्षण करना और समाज में सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।

अभियान के तहत होंगे विविध कार्यक्रम

रेलवे द्वारा 15 मई से 5 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान अहमदाबाद मंडल के रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, कार्यालय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रभात फेरियां, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, कार्यशालाएं, जागरूकता रैलियां, प्रतियोगिताएं तथा सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम शामिल हैं।अभियान के दौरान रेलवे परिसरों, पटरियों एवं जल स्रोतों पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएंगे। साथ ही ?एक पेड़ मां के नाम? पहल के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग अपनाने की अपील

रेलवे द्वारा यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग अपनाने, पुनः उपयोग योग्य पानी की बोतलें रखने तथा कपड़े और जूट के बैग इस्तेमाल करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। वहीं नुक्कड़ नाटक, कार्यशालाओं और जागरूकता रैलियों के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

5 जून को होगा विशेष आयोजन

रेलवे प्रशासन ने बताया कि 5 जून 2026, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर डीआरएम वेद प्रकाश ने कहा कि पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर आगे बढ़ाते हुए समाज में पर्यावरण जागरूकता फैलाने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने और स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।