झोपड़पट्टी क्षेत्रों में अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान, 862 लोगों को किया सतर्क

बिजनौर। अपर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवाएं लखनऊ 08 मई के आदेशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देशानुसार स्कीम नम्बर-15 के अंतर्गत जनपद में 10 मई से 20 मई 2026 तक अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 18 मई 2026 को मुख्य अग्निशमन अधिकारी जनपद बिजनौर डॉ. आर.के. पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी चांदपुर, नगीना, बिजनौर, नजीबाबाद एवं धामपुर द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्बल एवं निम्न आय वर्ग तथा स्लम (झोपड़पट्टी) बस्तियों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य लकड़ी के चूल्हे की आग एवं कुकिंग गैस सिलेंडर/छोटे सिलेंडर से होने वाली अग्नि दुर्घटनाओं को रोकना रहा। अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि गैस सिलेंडर का उपयोग सावधानीपूर्वक करें, रेगुलेटर व पाइप की नियमित जांच करें तथा गैस रिसाव की स्थिति में तुरंत खिड़की-दरवाजे खोलकर आग या बिजली के स्विच से दूरी बनाए रखें। साथ ही लकड़ी के चूल्हे को सुरक्षित स्थान पर जलाने और आग बुझाने के प्राथमिक उपायों की जानकारी भी दी गई।

इस जागरूकता अभियान के तहत जनपद में कुल 11 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 862 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। विभाग ने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. आर.के. पाण्डेय ने बताया कि यह अभियान जनहित में चलाया जा रहा है ताकि गरीब एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आग से होने वाली घटनाओं को रोका जा सके और जनपद को सुरक्षित बनाया जा सके।