चांदपुर में अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई, ट्रक में लगी आग पर समय रहते पाया काबू

बिजनौर। फायर स्टेशन चांदपुर की टीम ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम कुलचना स्थित गणपति बायो फ्यूल प्रा. लि. परिसर में खड़े ट्रक में लगी आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया। अग्निशमन विभाग की तेज कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह 10:50 बजे फायर स्टेशन चांदपुर को सूचना मिली कि ग्राम कुलचना थाना चांदपुर क्षेत्र में स्थित गणपति बायो फ्यूल प्रा. लि. में खड़े ट्रक में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट मात्र एक मिनट में 10:51 बजे रवाना हो गई और 10:57 बजे घटनास्थल पर पहुंचकर तुरंत अग्निशमन कार्य शुरू कर दिया।

घटनास्थल पर FSSO सुभाष चंद्र की मौजूदगी में फायर टैंकर UP 32EG 2467 की सहायता से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। मौके पर ट्रक संख्या UP 81 BT 4837 में एनिमल फैट ऑयल भरा होने की जानकारी मिली, जिससे आग फैलने का खतरा अधिक था।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में टीम ने MFE से पंपिंग कर होज पाइप फैलाया और फोम मेकिंग ब्रांच की सहायता से फोम का प्रयोग करते हुए आग को पूरी तरह बुझा दिया।

घटना के समय प्लांट स्वामी आशीष गुप्ता एवं ट्रक चालक विपिन कुमार मौके पर मौजूद रहे। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते आग पर नियंत्रण कर लिया गया।

अग्निशमन कार्य पूर्ण होने के बाद टीम ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके बाद फायर यूनिट वापस फायर स्टेशन चांदपुर लौट आई।

अग्निशमन विभाग की सतर्कता और कुशल कार्यप्रणाली से एक बड़ी दुर्घटना टल गई और संपत्ति की संभावित क्षति को भी काफी हद तक रोका जा सका।