कटहरा मार्किट नजीबाबाद में कपड़े की तीन मंजिला दुकान में लगी आग, फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टला

नजीबाबाद। जनपद बिजनौर के कटहरा मार्किट, थाना नजीबाबाद क्षेत्र में मंगलवार 12 मई को सुबह करीब 05:00 बजे एक कपड़े की तीन मंजिला दुकान में आग लगने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र नजीबाबाद की टीम ने बिना समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया।

मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि दुकान में आग तेजी से फैल चुकी थी, लेकिन फायर सर्विस कर्मियों ने मोटर फायर इंजन की मदद से तुरंत पंपिंग शुरू कर आग बुझाने का अभियान चलाया।

आग की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी बिजनौर शीशपाल सिंह, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी नगीना दीपक कुमार तथा प्रभारी अग्निशमन केंद्र नजीबाबाद कनही सिंह अन्य फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंचे।

फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी और समन्वित कार्रवाई के चलते कुल 04 फायर टेंडरों द्वारा लगातार पंपिंग कर आग पर प्रभावी नियंत्रण पा लिया गया। सबसे राहत की बात यह रही कि आसपास की दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया और आग को अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक दिया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि और भारी नुकसान टल गया।

अग्निशमन विभाग द्वारा लगातार प्रयास कर आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।

मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय सहित सभी प्रभारी अधिकारी एवं फायर यूनिट मौजूद रही। फायर विभाग की तत्परता और कुशल कार्यवाही की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

फायर ब्रिगेड की तेज कार्रवाई से कटहरा मार्किट में बड़ा हादसा होने से बच गया।