अजमेर से तीन नई नियमित साप्ताहिक ट्रेनों का शुभारंभ, यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ

अजमेर। रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अजमेर से तीन नई नियमित साप्ताहिक ट्रेनों का शुभारंभ किया गया है। इनमें गाड़ी संख्या 09621/09622 अजमेर-बांद्रा साप्ताहिक एक्सप्रेस, 09625/09626 अजमेर-दौंड साप्ताहिक एक्सप्रेस तथा 09653/09654 अजमेर-बांद्रा साप्ताहिक एक्सप्रेस शामिल हैं। इन ट्रेनों के शुरू होने से राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी और बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के अनुसार शनिवार शाम 5.30 बजे अजमेर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 01 पर आयोजित कार्यक्रम में माननीय केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने गाड़ी संख्या 09653 अजमेर-बांद्रा साप्ताहिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर नियमित सेवा के रूप में रवाना किया। इस अवसर पर विधायक अजमेर (दक्षिण) अनिता भदेल एवं मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रही।रेलवे अधिकारियों ने बताया कि गाड़ी संख्या 09653 (प्रत्येक शनिवार) एवं 09654 (प्रत्येक रविवार) अजमेर-बांद्रा-अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस चित्तौड़गढ़, रतलाम और सूरत मार्ग से संचालित होगी।इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09621 (प्रत्येक रविवार) एवं 09622 (प्रत्येक सोमवार) अजमेर-बांद्रा-अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस जयपुर, कोटा, रतलाम और सूरत मार्ग से होकर चलेगी।इसके अलावा गाड़ी संख्या 09625 (प्रत्येक गुरुवार) एवं 09626 (प्रत्येक शुक्रवार) अजमेर-दौंड-अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस जयपुर, कोटा, रतलाम और पुणे होते हुए दौंड तक जाएगी।रेलवे प्रशासन के अनुसार इन नई ट्रेनों के संचालन से अजमेर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को मुंबई एवं महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों तक यात्रा में सुविधा मिलेगी और व्यापारिक व सामाजिक संपर्क भी मजबूत होंगे।