अजमेर मंडल में 15 मई से 5 जून तक ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ विशेष अभियान

अजमेर मंडल में 15 मई से 5 जून तक ?विश्व पर्यावरण दिवस? विशेष अभियान

प्लास्टिक मुक्त स्टेशन, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम होंगे आयोजित

अजमेर। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुसार उत्तर-पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल द्वारा 15 मई से 5 जून 2026 तक विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में विशेष पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस वर्ष अभियान का मुख्य उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के महत्व तथा मदर अर्थ (धरती माता) के समक्ष बढ़ती चुनौतियों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा के निर्देशन में तैयार कार्ययोजना के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मंडल के स्टेशनों, कार्यालयों और डिपो पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की शुरुआत 15 मई को अजमेर मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों और डिपो पर जागरूकता रैलियों के साथ होगी। स्थानीय स्टेशन प्रबंधकों और वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में यात्रियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। स्टेशनों पर पोस्टर, पम्पलेट और डिजिटल माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन यात्रियों को प्लास्टिक के स्थान पर स्टील या पुनर्चक्रण योग्य लंच बॉक्स एवं पानी की बोतल उपयोग करने के लिए प्रेरित करेगा। साथ ही रेलवे कर्मचारियों के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें प्लास्टिक उपयोग कम करने, रीसाइक्लिंग तथा प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन की तकनीकी जानकारी दी जाएगी।

अभियान के अंतर्गत स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्लेटफार्मों पर कचरा पृथक्करण के लिए अलग-अलग डस्टबिन सुनिश्चित किए जाएंगे तथा यात्रियों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डालने के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सामुदायिक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें स्थानीय समुदाय और गैर-सरकारी संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

आईआरसीटीसी के सहयोग से ईको-फ्रेंडली कटलरी को बढ़ावा देने हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ट्रेनों और स्टेशनों पर नॉन-प्लास्टिक और बायोडिग्रेडेबल कटलरी के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि सिंगल-यूज प्लास्टिक को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। रेलवे स्टाफ को कचरे के सही पृथक्करण और जैविक कचरे के प्रबंधन के लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

अभियान के अंतिम चरण में मंडल के प्रमुख कार्यालयों और स्टेशनों पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों और स्टेशनों को सम्मानित किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि अजमेर मंडल इस अभियान के माध्यम से रेल यात्रियों एवं आमजन को पर्यावरण के प्रति जागरूक कर स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भविष्य की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगा।