चेकिंग स्टाफ ने दिखाई तत्परता, एक बार फिर पेश की ईमानदारी की मिसाल

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने एक बार फिर अपनी तत्परता और ईमानदारी का परिचय देते हुए यात्रियों का विश्वास मजबूत किया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि भरतपुर से अजमेर यात्रा कर रहे यात्री विवेक लढा ट्रेन संख्या 19202 अयोध्या-भावनगर एक्सप्रेस के कोच A2 में अपनी कीमती एप्पल वॉच भूल गए थे। यात्री किशनगढ़ स्टेशन पर उतर गए, जिसके बाद उन्हें याद आया कि उनकी एप्पल वॉच ट्रेन में ही छूट गई है।

इसके तुरंत बाद यात्री ने रेल मदद के माध्यम से सहायता मांगी। रेल मदद द्वारा यात्री को ट्रेन में तैनात मुख्य वाणिज्य सह टिकट पर्यवेक्षक श्री मुकेश कुमार यादव से संपर्क करने की सलाह दी गई।

यात्री द्वारा संपर्क किए जाने पर मुकेश कुमार यादव ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की और बर्थ संख्या 29 से एप्पल वॉच को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद उक्त एप्पल वॉच को अजमेर स्टेशन पर यात्री के परिचित को सुपुर्द कर दिया गया।

इस सराहनीय कार्य के लिए यात्री एवं उनके परिजनों ने रेलवे प्रशासन और चेकिंग स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

उत्तर पश्चिम रेलवे का यह प्रयास यात्रियों की सुरक्षा एवं सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।