विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जोधपुर मंडल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित पम्पलेट बांट रेलकर्मियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, 5 जून तक चलेगा अभियान

जोधपुर। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत रेलकर्मियों ने यात्रियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जोधपुर रेलवे स्टेशन, बाड़मेर, भगत की कोठी, नागौर एवं जैसलमेर स्टेशनों सहित मेड़ता रोड डेमो शेड में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान रेलकर्मियों द्वारा पम्पलेट वितरित कर यात्रियों एवं आमजन को स्वच्छता अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

इसके अतिरिक्त रेलवे कॉलोनियों में भी रेलकर्मियों द्वारा पम्पलेट वितरण कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने हेतु जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि जोधपुर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर यह विशेष अभियान 15 मई से 5 जून 2026 तक चलाया जा रहा है, जिसके तहत मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे परिसरों में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मंडल प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में भी पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को लेकर विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।