जोधपुर रेल मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 की शुरुआत, जागरूकता रैली व शपथ कार्यक्रम आयोजित

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। मंडल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा हरित जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यह अभियान 15 मई से 05 जून 2026 तक चलाया जाएगा। इस वर्ष अभियान की थीम ?जलवायु परिवर्तन के प्रभावों पर ध्यान केन्द्रित करना? रखी गई है। अभियान के तहत जोधपुर मंडल के नागौर, बाड़मेर, जैसलमेर, मेड़ता रोड एवं डेमो शेड सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों और कार्यालयों में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

रैली के माध्यम से यात्रियों और रेलकर्मियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण तथा हरित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। ?हमारा पर्यावरण-हमारी जिम्मेदारी? संदेश के साथ लोगों से पर्यावरण बचाने में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई।

इस अवसर पर हरित, स्वच्छ और सतत पर्यावरण संरक्षण को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत घर और कार्यालय से करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाई जा सकती है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर में पौधा लगाने, मोटर वाहनों का उपयोग कम करने और जल संरक्षण को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है।

उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यालय में प्लास्टिक बोतलों के स्थान पर घर से पानी की बोतल लाने की आदत विकसित करनी चाहिए। साथ ही रीसायकल योग्य लंच बॉक्स और पर्यावरण अनुकूल सामग्री के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और सतत विकास का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।