NEET पेपर लीक पर कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन: शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला

श्रीगंगानगर में NEET परीक्षा 2026 के पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष एवं श्रीकरणपुर विधायक रुपिन्द्र सिंह रूबी कुन्नर के आह्वान पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भगत सिंह चौक पर एकत्र हुए। जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया व पूर्व विधायक राजकुमार गौड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया।

भगत सिंह चौक से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन....

कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर को भगत सिंह चौक पर जुटे। यहां से नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक से युवा छात्र-छात्राओं के भविष्य और लाखों परिवारों की मेहनत के साथ खिलवाड़ हुआ है। कलेक्ट्रेट के बाहर शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष जताया गया।

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं?....

प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार गौड़ ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को अब देश बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया ने कहा कि बार-बार पेपर लीक की घटनाएं व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।

ये रहे मौजूद....

प्रदर्शन में श्याम शेखावटी, विशाल गौड़, कर्ण सहारण, सोहन नायक, पवन नंदिवाल, राकेश ठोलिया सहित जिला कांग्रेस कमेटी के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा। ज्ञापन देने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्वक लौट गए।